धानापुर। दो दिनों से जलापूर्ति बाधित होने से क्षेत्र के आवाजापुर में मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने जल निगम के कर्मचारियों पर जलापूर्ति में लापरवाही करने का आरोप लगाते हुए जल निगम परिसर में ताला बंदी कर दी ओर धरने पर बैठ गये। इसकी सूचना मिलने पर पहुंचे विभाग के उच्चाधिकारियों ने शाम तक जलापूर्ति आरंभ कराने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।
ग्रामीणों का आरोप था कि विभागीय कर्मचारियों की लापरवाही से उन्हें पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पानी की आपूर्ति बाधित होने से महेशी, विशुनपुरा, शिवदासीपुर, करजौरा सहित अन्य गांवों के ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। वहीं शहीदगांव, श्रीकांतपुर, आवाजापुर, डेढ़वलियां, पांड़ेयपुर मिल्की, लोकुआं, जीयनपुर, मिर्जापुर, भदाहूं आदि गांव में भी अनियमित रूप से जलापूर्ति की जाती है। इसकी शिकायत कई बार ग्रामीणों ने जलनिगम से की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के ताला जड़ने की सूचना मिलने के छह घंटे बाद जल निगम के अधिकारी वहां पहुंचे। शिकायत सुनने के बाद एई डीएन तिवारी ने बताया कि बिजली के तार में गड़बड़ी आने से पानी की आपूर्ति बाधित हुई है। बिजली विभाग के कर्मचारियों को बुलाकर शाम तक पानी की आपूर्ति आरंभ करा दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। तालाबंदी करने वालों में उमाकांत तिवारी, प्रदीप पांडेय, अवधेश गुप्ता, लाल बहादुर सिंह, जितेंद्र प्रताप तिवारी, महेंद्र तिवारी, रंगबहादुर तिवारी आदि शामिल रहे।