नौगढ़। ब्लाक के बाघी के वनवासी बस्ती के लोगों ने खड़ंजा और आवास की सुविधा न मिलने पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधान और पंचायत सचिव के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। वनवासी महिलाओं ने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधान प्रभु नारायण जायसवाल और वर्तमान महिला प्रधान नीलम ओहरी से फरियाद के बाद भी हम लोगों को मुख्यमंत्री आवास की सुविधा नहीं उपलब्ध कराई गई। आरोप लगाया कि चुनाव लड़ने वाले कई बार आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति ले गए और फिर दोबारा लौटकर नहीं आए। प्रदर्शन करने वाले वनवासियों का कहना है कि अपनी समस्याओं की शिकायत सीएम पोर्टल पर भी किया गया लेकिन विकास खंड नौगढ़ के अधिकारी फर्जी रिपोर्ट लगाकर शिकायत का निस्तारण कर दे रहे हैं। मानवाधिकार के संयोजक शांता गौतम ने आरोप लगाया कि वनवासी बस्ती में जाने के लिए सड़क का निर्माण भी नहीं कराया जा रहा। होम गार्डों और अपात्रों को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री आवास की सुविधा का लाभ दिया गया है। दो जून की रोटी को मोहताज वनवासियों को प्लास्टिक लगाकर जीवन यापन करना पड़ रहा है। इस संबंध में पंचायत सचिव उपेंद्र साहनी से पूछताछ किया गया तो बताया कि निर्धन परिवारों का सर्वे चल रहा है और सूची में शामिल करने के बाद इन्हें मुख्यमंत्री आवास की सुविधा का लाभ दिलाया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में प्रमुख रूप से नंदू, कैलाश, खरपतत्तू, पार्वती, सोनी, जीरा, मुंशी, संतरा समेत अन्य वनवासी मौजूद थे।