अभी भी नहीं बन पाए हैं कइयों के राशन कार्ड
जरूरतमंदों ने राशन कार्ड और अनाज के लिए पूर्व सांसद रामकिशुन यादव से की मुलाकात
पूर्व सांसद ने अधिकारियों से राशन उपलब्ध कराने को कहा, जरुरतमंदों को उपलब्ध कराया राशन
सचित्र- 14
संवाद न्यूज एजेंसी
पीडीडीयू नगर। अधिकारियों की लापरवाही के चलते अभी कई जरूरतमंद राशन कार्ड के अभाव में सरकारी सुविधाओं से वंचित रह जा रहे है। सोमवार को क्षेत्र के जरूरतमंदों ने राशन कार्ड और अनाज के लिए नगर स्थित सपा कार्यालय पहुुुंचकर पूर्व सांसद रामकिशुन यादव का दरवाजा खटखटाया। पूर्व सांसद ने तहसीलदार और ईओ से वार्ता कर ऐसे लोगों का राशन कार्ड बनाए जाने के लिए कहा। बाद में उन्होंने जरूरतमंदों की आर्थिक सहायता के साथ उन्हें खाद्यान्न उपलब्ध कराया।
सोमवार को क्षेत्र के लोग मदद के लिए सपा कार्यालय स्थित पूर्व सांसद रामकिशुन यादव के कार्यालय पर पहुंच गए। आलमपुर गांव निवासी रिक्शा चालक रामदुलारे यादव ने बताया कि अब तक उसका राशन कार्ड नहीं बन पाया है। वहीं उसके पास पकाने के लिए राशन तक नहीं है। गोधना स्थित कांशी राम आवास में रह रहे रिक्शा चालक सिराजुद्दीन ने बताया की उसके पास भी राशन कार्ड नहीं है। धरना गांव निवासी दिव्यांग बिरजू ने भी अपनी स्थिति काफी दयनीय बताई। इस दौरान पूर्व सांसद ने ईओ और तहसीलदार से वार्ता कर जरूरतमंदों का राशन कार्ड बनवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद रामकिशुन यादव ने सभी को आर्थिक मदद के साथ खाद्यान्न उपलब्ध कराया।