चंदौली। सदर कोतवाली के अमड़ा के पूर्व प्रधान रमेश राम की मौत से नाराज होकर परिजनों और ग्रामीणों ने शुकवार को बिछिया गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो पर शव रख कर जाम लगा दिया। ग्रामीण पूर्व प्रधान की हत्या का आरोप लगाते हुए हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। धरना दे रहे लोगों के समर्थन में सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव, सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू व मनोज काका समेत अन्य सपा भी मौके पर पहुंचे। बाद में एडीएम अतुल कुमार सहित पुलिस के आला अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया। इसके पूर्व तीन घंटे तक एनएच-दो पर जाम से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। अमड़ा गांव के पूर्व प्रधान रमेश कुमार का सोमवार की सुबह किसी व्यक्ति के फोन पर करने पर घर से निकल गए। देर शाम तक जब वो वापस नहीं आए तो घर वाले परेशान होने लगे। घर वालों ने उन्हें ढूंढने के प्रयास किया, लेकिन कामयाबी हाथ नहीं लगी। मंगलवार की सुबह जब परिजनों द्वारा सदर कोतवाली में इसकी सूचना दी गई। तो थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों द्वारा बाद में आने के लिए कहा गया। दोपहर में परिजनों से आवेदन लेकर पुलिस ने गुमसुदगी की रिपोर्ट दर्ज की। इस बीच बृहस्पतिवार को प्रधान का शव सुल्तानपुर जिले में रेलवे ट्रैक पर मिला। रमेश कुमार के सिर और जांच में चोट के निशान थे। इसकी जानकारी होने पर परिजनों ने थाने का घेराव किया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव रमेश के परिजनों को मिला। शव को लेकर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने बिछिया के समीप शव रख कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया।