बरहनी विकास खंड अंतर्गत कम्हरिया गांव में एक वर्ष पहले बनी सड़क टूटने से नाराज होकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को दोपहर में प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चेतावनी दी कि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में बरती गई अनियमितता के चलते सड़क टूट कर तालाब में गिर गई है। ग्रामीणों ने चेताया कि अगर तत्काल टूटे सड़क की मरम्मत नहीं कराई गयी तो हम सैयदराजा जमानिया मार्ग जाम करने को बाध्य होंगे।
कम्हरिया गांव को कंदवा कम्हरिया मार्ग से जोड़ने के लिए वर्ष 2014-15 में पंडित जनेश्वर मिश्र योजना के तहत करीब 15 लाख रुपये की लागत से 700 मीटर सीसी मार्ग का निर्माण सैयदराजा विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कराया था। निर्माण के वक्त ही लोगों ने कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कार्य ठप्प करा दिया था। विरोध के बाद बढ़िया कार्य कराने की आश्वासन पर कार्य शुरू हो सका था, लेकिन उसके बाद भी सीसी मार्ग 4 माह बाद ही जगह - जगह फट गया ।अब बारिश होते ही तालाब पानी से लबालब भर जाने से सड़क जगह- जगह टूट कर तालाब में गिर गई है।
इससे लोगों को आवागमन करने में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने कई बार इसकी शिकायत विधायक मनोज सिंह डब्लू से किया तो उन्होंने मार्ग किनारे बोल्डर गिराकर कटान पर रोक लगाने का वादा की था, लेकिन वर्षों बाद भी समस्या दूर न होने पर ग्रामीण शुक्रवार की दोपहर भड़क उठे और विधायक और निर्माण निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे।
रधान प्रतिनिधि अनिल सिंह झुन्ना का कहना है कि मार्ग टूट कर तालाब में गिर रहा है, जिससे मार्ग के अस्तित्व पर ही संकट खड़ा हो गया है। यदि इस समस्या का निदान तत्काल नहीं होता है तो सैयदराजा जमानिया मार्ग जाम करने और जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे।
प्रदर्शन करने वालों में रविकांत पांडेय, संजय दुबे, जय गोबिंद दुबे, गोलू, शिवम, डब्बू दुबे, हर्ष दुबे, रोहन दुबे, मुलायम, बंगा यादव, सुनील, इंद्रजीत यादव, शुभम दुबे, राम बिलास गुप्ता, चिंता देवी, वीरेन्द्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।