धानापुर। स्थानीय विकास खंड में कार्यरत ग्राम पंचायत अधिकारी विकास यादव को परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज कर नकल बनाने के लिए फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत सचिव व ब्लाॅककर्मी शुक्रवार को थाने पहुंचे। उन्होंने तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्राम पंचायत अधिकारी विकास यादव ने बताया कि किसी व्यक्ति ने उन्हें फोन कर परिवार रजिस्टर की नकल मांगी थी। उन्होंने फोन करने वाले से कहा कि जांच के बाद नकल उपलब्ध करा दिया जाएगा। यह बात फोन करने वाले को नागवार गुजरी और उसने किसी अन्य व्यक्ति को भी काॅल पर ले लिया जिसने न केवल अपशब्दों का प्रयोग किया बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना की जानकारी जब उन्होंने अपने अन्य साथियों को दी तो शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत सचिव व ब्लाॅक कर्मी थाने पहुंचे। थाने पहुंचने वालों में एडीओ पंचायत राजेश सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह, कमलेश यादव, मिथिलेश सिंह, सुनील सिंह, इंद्रजीत प्रजापति, सुनील कुमार, नवनीत कुमार, दयाल शरण श्रीवास्तव व ब्लाॅक के सचिव और ब्लाककर्मी रहे। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक शरद गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।