सकलडीहा थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में रविवार को वैवाहिक विवाद को लेकर मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों को चौकी पर बुलाकर घटना की जानकारी ली।
धरहरा गांव निवासी नीतीश कुमार और दरियापुर, सकलडीहा निवासी खुशी कुमारी का अगस्त 2023 में प्रेम विवाह हुआ था। शुरुआती दिनों में दोनों के संबंध सामान्य रहे, लेकिन बाद में पारिवारिक विवाद के चलते मनमुटाव बढ़ने लगा। करीब तीन माह पूर्व खुशी कुमारी मायके चली गई और वहीं रहने लगी। करीब एक माह पहले उसने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पति से अलग होने और तलाक दिलाने की मांग की थी। इस पर पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया। दोनों को समझाकर आपसी सहमति से साथ रहने की सलाह दी गई, लेकिन खुशी ने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया।
रविवार को खुशी अपनी बहन के साथ धरहरा स्थित ससुराल पहुंची। बताया जा रहा है कि उसने अपने गहने और जेवरात ले जाने की बात कही। ससुराल पक्ष के जेवरात देने से इनकार करने पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। इसके बाद खुशी ने फोन कर अपनी मां, भाई और चचेरी बहन को भी मायके से बुला लिया। घर का ताला तोड़कर जेवरात ले जाने को लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। इस दौरान मारपीट भी हुई। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
वीडियो वायरल होने और घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को चौकी ले जाकर पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी ली और मौके की स्थिति का जायजा लिया। प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र निषाद ने बताया कि मारपीट की घटना संज्ञान में है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।