पडाव। आगामी 16 अप्रैल को पड़ाव चौराहा स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय उपवन में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचने की सूचना पर वीडीए मुस्तैद हो गया है। बृहस्पतिवार को उपवन की साफ सफाई कराई गई। साथ ही फायर विभाग के करीब 15 कर्मचारियों ने उपवन में स्थापित पं. दीनदयाल उपाध्याय की 63 फीट ऊंची प्रतिमा साफ किया। उपराष्ट्रपति, राज्यपाल व मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए उपवन में वीडीए ने कुंड की सफाई के साथ ही उसमें ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया। साथ ही देर शाम तक पेड़ों का रंग-रोगन, ओपन थिएटर की साफ-सफाई, पौधों की छंटाई के साथ ही खराब पड़े बिजली के उपकरणों के मरम्मत का कार्य चलता रहा। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से स्थानीय चौराहे के वाराणसी जाने वाले मार्ग के दोनों तरफ बैरिकेटिंग कर जगह-जगह लोगों को रोका गया। सफाई कर्मचारियों की ओर से उपवन के साथ ही चौराहे से मुगलसराय जाने वाले मार्ग पर बने डिवाइडर के पास जमा सिल्ट को हटाने वह रोड पर झाड़ू लगाने का क्रम अंतिम दौर में पहुंच चुका है। देर शाम अपर पुलिस महानिदेशक, आईजी व एसपी सहित जिले के काफी अधिकारियों ने भी उपवन का निरीक्षण किया।