फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम है सब्जी अनुसंधान केंद्र-नरेंद्र सिंह तोमर

विज्ञापन
विज्ञापन
पीडीडीयू नगर/कमालपुर। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि चंदौली में बनने जा रहे इंडो-इजराइल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल जिले के विकास में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही आसपास के जिलों और बिहार बॉर्डर के जिलों में भी यह कृषि के क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम साबित होगा। खेती को उन्नत बनाने के लिए केंद्र और राज्य मिलकर कर काम कर रहे हैं। कृषि मंत्री सोमवार को माधोपुर में सब्जी अनुसंधान केंद्र के शिलान्यास के अवसर पर वर्चुअल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
विज्ञापन

कृषि मंत्री ने कहा कि इस अनुसंधान केंद्र की स्थापना चंदौली जिले के साथ-साथ पूर्वांचल के विकास में भी अहम भूमिका निभाएगी। यहां उन्नत सब्जियों के बीज और पौधे तैयार कर किसानों को वितरित किए जाएंगे। किसान अपने लिए पौधों का विकास स्वयं भी प्रायोजित कर सकते हैं। खेती के आधुनिकतम तरीकों का प्रयोग कर किसान बेहतर उपज हासिल कर सकेंगे और सब्जियां निर्यात भी कर सकेंगे। इस केंद्र से कृषि क्षेत्र को विश्व स्तर पर बढ़ावा देने के लिए सब्जियों सहित अन्य कृषि उत्पादों की नर्सरी तैयार की जाएगी। इससे न सिर्फ यहां के किसानों को फायदा होगा बल्कि सब्जी और कृषि के क्षेत्र में जिले का नाम दुनियाभर में होगा। धानापुर विकास खंड के माधोपुर में राजकीय संतति उद्यान में इजराइल की तकनीक से उद्यान विभाग की 25 एकड़ जमीन पर 6.67 करोड़ की लागत से इंडो-इजरायल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल का शिलान्यास सोमवार को होने के साथ ही इसका निर्माण शुरू हो गया है। इसके शिलान्यास के लिए कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर आने वाले थे, लेकिन कोरोना पॉजिटिव होने की वजह से उन्होंने इसका वर्चुअल शिलान्यास किया।
जैविक व प्राकृतिक खेती की ओर तेजी से बढ़ा है यूपी
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं पर यूपी सरकार बहुत अच्छे से अमल कर रही है। जैविक व प्राकृतिक खेती में भी यूपी ने तेजी से कदम बढ़ाए है। केंद्रीय कृषि मंत्री ने उम्मीद जताते हुए कहा कि यूपी आने वाले समय में कृषि के क्षेत्र में नया आयाम स्थापित करेगा और कृषि के विकास में भी देश को और आगे तक ले जाएगा। कृषि मंत्री ने कहा कि महंगी फसलों की ओर जाना, टेक्नालॉजी का उपयोग, डिजीटल एग्रीकल्चर मिशन, एफपीओ का लाभ उठाना, नेचुरल फॉर्मिंग व आर्गेनिक फार्मिंग अपनाने पर हम सभी को गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है।
विज्ञापन

धान व गेहूं में अग्रणी जिला अब सब्जी उत्पादन में बनेगा बेहतर
पीडीडीयू नगर/कमालपुर। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि सरकार की मंशा है कि धान व गेहूं के उत्पादन में अग्रणी जिले को सब्जी उत्पादन में भी बेहतर बनाया जा सके। कहा कि चंदौली की जलवायु सब्जियों के उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना के लिए उपयुक्त है। यहां बनने वाले उत्कृष्टता केंद्र में टमाटर, काली मिर्च, बैंगन, मिर्च, खीरा के साथ सब्जियों का हाई टेक क्लाइमेट कंट्रोल्ड ग्रीन हाउस में सीडलिंग का उत्पादन किया जाएगा। खुले में सूक्ष्म सिंचाई के साथ-साथ फर्टिगेशन व केमिगेशन सिस्टम के साथ खेती का परीक्षण-प्रदर्शन किया जाएगा। टपका, फव्वारा सिंचाई, अन्य प्लास्टिक कल्चर अनुप्रयोगों की स्थापना का प्रदर्शन भी होगा।
किसानों के लिए वरदान बनेगा सब्जी अनुसंधान: डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय
पीडीडीयू नगर/कमालपुर। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री और स्थानीय सांसद डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि सब्जी अनुसंधान केंद्र चंदौली के किसानों के लिए वरदान साबित होगा। माधोपुर में उद्यान विभाग की यह 25 एकड़ जमीन काफी दिनों से खाली पड़ी थी पर यहां के ग्रामीणों की सराहना की जाती है कि उन्होंने इस पर कब्जा नहीं किया। पहले की सरकारों में इस जमीन पर कई हवा-हवाई पहल हुई पर अब जाकर सार्थक पहल हुई है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के ईमानदार नेतृत्व में देश विकास कर रहा है। इसका सबसे बड़ा प्रमाण है कि सबका आरटीआर बढ़ा है पर मोदी-योगी का आरटीआर वही है। इससे साबित हो रहा कि वे अपने नहीं समाज के लिए काम कर रहे हैं। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सब्जी अनुसंधान के लिए मैं सरकार को धन्यवाद देता हूं। सब्जी अनुसंधान के बन जाने से किसानों की आय दोगुनी नहीं बल्कि चौगुनी और दस गुनी भी हो सकती है। केंद्र में एक टमाटर के पौधे से छह माह में 80 किलो उत्पादन होगा।वहीं इजराइल के राजदूत एयर मिसेल ने कहा कि इजराइन से भारत के 75 वर्ष पुराने संबंध हैं। इसे हम हर हाल में आगे भी निभाएंगें और सब्जी अनुसंधान के लिए हम काफी उत्साहित हैं जो भी सहायता होगी हम करेंगे। संवाद
चंदौली में जल्द ही बनेगा ड्रैगन फ्रूट और स्ट्राबेरी एक्सीलेंस सेंटर
पीडीडीयू नगर। प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने माधोपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सब्जी अनुसंधान केंद्र के बाद चंदौली में जल्द ही ड्रैगन फ्रूट और स्ट्राबेरी एक्सीलेंस सेंटर बनाया जाएगा। चंदौली के किसानों के लिए उद्यान विभाग का दरवाजा हमेशा के लिए खुला हुआ है। यहां के किसानों को कभी भी पैसे की कमी नहीं होगी। जितना भी पैसा जब मांगेगे, मना नहीं किया जाएगा। चंदौली को पूरी तरीके से विकसित करना है। कहा कि जिले में धान, गेहूं पैदा करना अब पुरानी बात हो गई है। अब चंदौली बदल चुका है। आने वाले दिनों में यहां के किसान शतावर, लेमनग्रास, स्ट्राबेरी और आयुर्वेदिक औषधियों की खेती करेंगे। संवाद
पांच ब्लॉकों में चार करोड़ से बनेंगे कृषि कल्याण केंद्र-सूर्य प्रताप शाही
पीडीडीयू नगर। माधोपुर में सब्जी अनुसंधान केंद्र के शिलान्यास के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि चंदौली जिले को आकांक्षात्मक जिले से विकसित जिला बनाने की सरकार की मंशा है और इस दिशा में सब्जी अनुसंधान केंद्र मील का पत्थर साबित होगा। इससे यहां के किसानों की आय बढ़ेगी। युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार चंदौली के किसानों के विकास के बारे में सोच रही है। जिले के बरहनी, चंदौली, नियामताबाद, धानापुर सहित पांच विकासखंड में चार करोड़ की लागत से पांच कृषि कल्याण केंद्र बनाए जाएंगे। चंदौली को 276 सोलर पंप दिए गए हैं। यहां के काला चावल और चकिया के आदमचीनी धान को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रयोग हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब मैं बीएचयू में पढ़ता था तो चंदौली घूमने आता था तब लोग घरों पर खूब सब्जियों का उत्पादन करते थे। अब यह बंद हो चुका है, इसकी वजह से हम महंगे दाम में सब्जी बाजार से खरीदकर लाते हैं। कृषि मंत्री ने कहा कि आज किसान खुश हैं कि उनके धान का भुगतान समय से हो जा रहा है। पहले की सरकारों में छह-छह महीने तक भुगतान नहीं होता था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें