माैसम बदलने से जिला संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। ओपीडी में शुक्रवार को 478 मरीज पहुंचे। इसमें अधिकतर सिर दर्द, बुखार, खांसी, जुकाम सर्दी से पीड़ित थे। अस्पताल में इलाज के लिए आए संगीता, बेचन, भागीरथी, सुनील, हरिराम ने बताया कि उन्हें तीन-चार दिन से सिर में दर्द और बुखार खांसी सर्दी का असर है। वे दो दिन से यहां पर इलाज करवा रहे हैं। जिला संयुक्त चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ आरआर यादव ने बताया कि मौसम के परिवर्तन से जुकाम सर्दी व वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। शुक्रवार की ओपीडी में 478 मरीज आए। 106 लोगों ने एक्स-रे कराया। 148 लोगों ने पैथोलॉजी लैब में जांच कराई। सीएमएस डॉक्टर आरबी सिंह ने कहा कि मौसमी बीमारी से बचने के लिए मच्छरदानी का उपयोग करना चाहिए। घरों के आसपास गड्ढों की पानी निकासी के लिए नाली बनाना चाहिए। शरीर को ढक कर रखना चाहिए।