नियमताबादद विकास खंड के सैदपुरा गांव की पांच हजार आबादी पिछले पांच साल से जलभराव की समस्या से परेशान हैं। सड़क पर निकासी की व्यवस्था न होने से नालियों का पानी भर जाता है। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की, लेकिन अभी तक समस्या हल नहीं हुई। ग्रामीण अब ब्लाॅक मुख्यालय पर ज्ञापन और धरना-प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं। नियमताबाद का राजस्व गांव सैदपुरा (भूजहुंवा) के मुख्य मार्ग से कई गांवों के लोग वाराणसी व पीडीडीयू नगर जंक्शन तक आवागमन करते हैं। इस मार्ग पर स्कूल भी है। गांव निवासी संतोष सिंह पटेल ने कहा कि जल भराव की समस्या से लोग परेशान है। गांव के मुख्य मार्ग पर गंदा पानी भरा रहने से परेशानी होती है। रतनपुर गांव के जयप्रकाश सिंह ने कहा कि जलभराव के कारण लोग रोज गिरकर घायल हो रहे हैं। भोजपुर गांव निवासी दिलीप पटेल ने कहा कि राहगीर मार्ग के खराब होने के कारण दूसरे मार्ग से तीन किलोमीटर तक आवागमन करते हैं। इस संबंध में प्रधान प्रमोद सिंह चौहान ने कहा कि जल भराव गांव की अहम समस्या है। बीडीओ, रूबेन शर्मा ने बताया कि एडीओ पंचायत को मौके पर भेजकर जानकारी कराई जाएगी। जलभराव की वजह क्या है, नाली का निर्माण क्यों नहीं हो पा रहा है। जल्द से जल्द समस्या का निराकरण कराया जाएगा।