मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी राजकीय संयुक्त जिला अस्पताल में
बुधवार की पूर्वाह्न सयुस कार्यकर्ताओं और एक चिकित्सक के बीच मारपीट हो
गई। जिस पर डाक्टर और सपा कार्यकर्ता एक दूसरे पर कार्रवाई को लेकर धरने
पर बैठ गए।
इस मसले पर दिन भर हंगामा चलता रहा। जिससे मरीजों को
काफी परेशानी हुई। देर शाम पूर्व सांसद रामकिशुन यादव और पूर्व विधायक
प्रभुनारायण यादव ने दोनों पक्षों को समझाया बुझाया। पुलिस ने किसी के
खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
मुख्यालय स्थित जिला अस्पताल परिसर
में बुधवार को सयुस कार्यकर्ताओं ने चिकित्सा शिविर लगाया था। इस दौरान
एक मरीज ने बताया कि दस नंबर चेंबर के चिकित्सक द्वारा पर्ची पर बाहर की
दवा लिखी गई है।
इससे नाराज कार्यकर्ता संबंधित डाक्टर के पास पहुंच गए और
इसका विरोध किया। जिसमें कार्यकर्ताओं व डाक्टरों में मारपीट हो गई। इसमें
सयुस जिलाध्यक्ष योगेंद्र यादव चकरु व कार्यकर्ता संजय सोनकर घायल हो गए।
जबकि चिकित्सक डा. प्रशांत सिंह भी जख्मी हुए। इसके बाद अस्पताल के
चिकित्सकों व कर्मचारियों ने आकस्मिक सेवा छोड़ चिकित्सा कार्य बंद कर
दिया। वहीं गुस्साए सपाइयों ने अस्पताल परिसर में ही धरना शुरू कर दिया।
घटना की जानकारी होते ही मौके पर एडीएम शिव कुमार शर्मा, एसडीएम गिरीश
शर्मा, सीओ सदर प्रमोद यादव समेत कई थानों की पुलिस पहुंच गई।
चकिया
विधायक पूनम सोनकर, सपा जिलाध्यक्ष सत्यनाराण राजभर, जिला पंचायत सदस्य
अरविंद यादव समेत कई बड़े नेता भी मौके पर पहुंचे। देर शाम को पूर्व सांसद
रामकिशुन और पूर्व विधायक प्रभु नारायण यादव ने दोनों पक्षों को समझा
बुझाकर धरना समाप्त कराया। इस अवसर पर बाबूलाल यादव, चाखन यादव, परवेज खां,
नफीस अहमद , यादवेश यादव, मनोज यादव, अर्जुन अग्रहरि, बबलू सेठ, संतोष
यादव आदि उपस्थित रहे।