पीडीडीयू नगर। हावड़ा से अमृतसर जा रही पंजाब मेल में बुधवार को एसी कोच में यात्री का सामान चोरी हो गया। पटना में हुई चोरी के बाद यात्रियों ने टीटीई पर आरोप लगाते हुए हो हल्ला शुरू कर दिया। कंट्रोल की सूचना पर ट्रेन के स्थानीय स्टेशन पर पहुंचने पर आरपीएफ और जीआरपी ने यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया।
पंजाब मेल के एसी कोच ए वन में एक परिवार हावड़ा से वाराणसी की यात्रा कर रहा था। पटना के पहले यात्री का सामान चोरी हो गया। एसी कोच में सामान चोरी होने से यात्रियों में खलबली मच गई। कोच के यात्रियों ने बार बार कोच में आ रहे चल टिकट परीक्षकों पर चोरी का आरोप लगाना शुरू कर दिया। यात्रियों ने कहा कि कोच में जब कोच अटेंडेंस हैं और बाहरी कोई यात्री आ नहीं रहा है। ऐसे में सामान चोरी होना विभागीय लापरवाही है। यात्रियों ने चेताया कि वे सामान बरामद होने तक टीटीई को नीचे नहीं उतरने देंगे। इसकी सूचना टीटीई ने कंट्रोल को दी। ट्रेन में चोरी होने की सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ सक्रिय हो गई।
ट्रेन बुधवार की सुबह नौ बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या छह पर पहुंची। ट्रेन के पहुंचते ही आरपीएफ और जीआरपी कर्मी पहुंचे। यहां पीड़ित यात्री ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया। इसके बाद यात्रियों को समझा बुझाकर चल टिकट परीक्षकों को ट्रेन से नीचे उतारा गया। इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। इस संबंध में जीआरपी पीडीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि यात्री का सामान चोरी होने की सूचना मिली थी। यात्रियों ने तहरीर नहीं दी। इसके बाद उन्हें समझा बुझाकर टीटीई को नीचे उतारा गया।