पीडीडीयू नगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारी कर रहे जिले के 59647 विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। परीक्षा से पहले विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के समाधान और मानसिक तनाव कम करने के उद्देश्य से नवंबर से विशेष हेल्प डेस्क की शुरुआत की जाएगी। इसके लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा।
जिले में 27 राजकीय, 34 वित्तपोषित और 190 स्ववित्तपोषित समेत कुल 251 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इनमें वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा के लिए हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 59647 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में हेल्पडेस्क स्थापित की जाएगी। यहां विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की तैनाती होगी।
हेल्पडेस्क पर तैनात शिक्षक विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से संबंधित जानकारी, प्रश्नपत्र के पैटर्न, अंक विभाजन, उत्तर लिखने की सही तकनीक और समय प्रबंधन के महत्वपूर्ण सुझाव देंगे। विद्यार्थी सीधे विशेषज्ञों से संपर्क कर पढ़ाई से जुड़ी अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य परीक्षा से पहले विद्यार्थियों की छोटी-छोटी शंकाओं को दूर करना है। विद्यार्थियों को सीमित समय में बेहतर तैयारी करने के व्यावहारिक और प्रभावी तरीके भी बताए जाएंगे। इससे परीक्षार्थियों को परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी। यूपी बोर्ड की इस पहल से विद्यार्थियों की शैक्षणिक और मानसिक समस्याओं का समाधान आसानी से हो सकेगा। साथ ही, परीक्षा को लेकर उनके तनाव को कम करने में भी मदद मिलेगी।