भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपनी भाभी नयनतारा के तेरहवीं में पैतृक गांव भभौरा में शनिवार को पहुंचेंगे। उनकी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर ली गई है। शुक्रवार को एनएसजी ने घर से लेकर हेलीपैड तक को अपनी सुरक्षा में ले लिया।
प्रोटोकॉल के तहत रक्षा मंत्री शनिवार को सुबह भभौरा से लगभग छह किलोमीटर दूर सोनहुल स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर परिसर में सुबह 11:20 बजे हेलीकॉप्टर से उतरेंगे। सुबह 11:30 बजे सोनहुल से सड़क मार्ग से होते हुए अपने पैतृक गांव भभौरा पहुंचेंगे। लगभग चार घंटे भभौरा में तेरहवीं में शामिल होकर शाम चार बजे नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। रक्षा मंत्री के आगमन की पूर्व शुक्रवार की शाम राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के अधिकारियों के नेतृत्व में रिहर्सल की। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर डीएम ईशा दुहन, एसपी अंकुर अग्रवाल व सीआरपीएफ कमांडेंट सहित आला अधिकारियों ने गहन मंत्रणा की।
डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से होकर करना होगा प्रवेश
भोज में शामिल होने वाले आमजन से लेकर खास व्यक्ति को भी डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से होकर गुजारना पड़ेगा। कार्यक्रम स्थल के मुख्य द्वार पर दो डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे। खुफिया एजेंसी के आधा दर्जन कर्मचारी हैंड मेटल डिटेक्टर के माध्यम से प्रत्येक आने जाने वाले व्यक्तियों की गहनता से जांच करेंगे।
यातायात पुलिस ने लगाया आधा दर्जन बैरियर
यातायात पुलिस ने सिकंदरपुर से लगायत नौगढ़ व अहरौरा मार्ग पर आधा दर्जन बैरियर लगाने के साथ ही वाहनों का रूट डायवर्जन कर दिया है। पीडीडीयू नगर से आने वाले यात्री व अन्य वाहन सिकंदरपुर से मुड़कर पचवनिया होते हुए चकिया, शहाबगंज, इलिया नौगढ़ के लिए जाएंगे। वहीं नौगढ़ से आने वाले वाहन गरला मोड़ से लतीफशाह होते हुए चंदौली, इलिया व चकिया के लिए आएंगे। वहीं अहरौरा मीरजापुर से आने वाले वाहन हेतिमपुर में रोक दिए जाएंगे। इन वाहनों को हेतिमपुर, फिरोजपुर भीषमपुर से होते हुए पीडीडीयू नगर जाएंगे।