सैयदराजा। स्थानीय थाना के जेठमलपुर गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो पर मंगलवार की दोपहर में ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। इस घटना में बाइक सवार महिला सहित चार लोग जख्मी हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां महिला की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। घटना से आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ कर पीट दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक और चालक को कब्जे में लेकर थाने ले आई।
अलीनगर थाना के कठौरी गांव निवासी राजनाथ (30) अपनी पत्नी मीना (28) व दो बच्चों अर्पिता (5) और पुष्पा (9) को बाइक से लेकर जमानिया अपने रिश्तेदार के यहां शादी में जा रहा था। वह जेठमलपुर के समीप पहुंचा था कि आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में दूसरे आगे चल रहे दूसरे ट्रक में पिछे से जा भिड़ा। इससे चारों घायल हो गए। घटना के बाद एकत्र लोगों ने घायलों का आटो रिक्शा से जिला अस्पताल भेजा। वहीं ट्रक चालक को पकड़ कर पिटाई शुरू कर दी। इस बीच सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को छुड़ाया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर चालक को पकड़ कर थाने ले आई और आगे की कार्रवाई में जुट गई।