चंदौली जिले में पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर शनिवार को मुंबई-हावड़ा मेल से 28 लाख रुपये के साथ मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी राहुल सोनी और पुष्प कुमार पकड़े गए। दोनों बिना कागजात जबलपुर से रुपये की खेप लेकर कोलकाता जा रहे थे। जीआरपी ने रुपये और युवकों को आयकर विभाग वाराणसी के हवाले कर दिया। मामले की जांच और आगे की कार्रवाई आयकर विभाग करेगा। जीआरपी के मुताबिक, पिछले पांच साल में ही रेलवे स्टेशन से साढ़े चार करोड़ की नकदी बरामद हो चुकी है।
क्या है पूरा मामला
जीआरपी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात आरपीएफ की टीम के साथ स्टेशन पर जांच की जा रही थी। रात 10 बजे आरपीएफ के यार्ड निरीक्षक पंकज कुमार ने सूचना दी कि प्लेटफॉर्म संख्या एक पर रुकी हावड़ा मेल के एस-3 कोच में बैठे दो युवक लाखों की नकदी के साथ यात्रा कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें; UP: सिम रिचार्ज नहीं होने से 70 लाख की हाईटेक निगरानी दो महीने में ठप पड़ी, 40 गांवों की सुरक्षा भगवान भरोसे
इस पर टीम ने दोनों को रोक लिया। बैग की तलाशी ली गई तो 28 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में राहुल और पुष्प कुमार न तो नकदी का स्रोत बता सके और न ही कोई वैध दस्तावेज पेश कर सके। इसके बाद आयकर विभाग को सूचना दी गई। आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रुपये के साथ युवकों को साथ ले गई।
पिछले दो साल में ही पीडीडीयू जंक्शन से हुई नकदी की बरामदगी
- फरवरी 2026 अकालतख्त एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले के पास से 1.75 करोड़ रुपये नकद मिले।
- दिसंबर 2025 में स्टेशन के फुट ओवरब्रिज पर चेकिंग के दौरान 35.33 लाख रुपये बरामद हुए।
- नवंबर 2025 में सासाराम (बिहार) जा रहे एक युवक के बैग से 60 लाख की नकदी बरामद हुई।
- सितंबर 2025 में गुरुमुखी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्री के पास से 29.66 लाख नकद बरामद।
- अगस्त 2025 युवकों के पास से 29 लाख रुपये जब्त किए गए।