ताराजीवनपुर के समीप दुर्घटना में घायलों का इलाज करते चिकित्सक। स्रोत:-जागरूक पाठक
ताराजीवनपुर। क्षेत्र के तारापुर गांव के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार रेलकर्मी संदीप कुमार और रंजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टर ने मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।
दोनों रेलकर्मी कुछमन में प्वाइंट्स मैन नवीन कुमार के तिलक समारोह में गए थे। वहां से लौटते समय तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक पर टक्कर मार दी। उसी समारोह से लौट रहे स्टेशन मास्टर संतोष कुमार ने हादसा देख स्टेशन मास्टर अक्षय प्रताप सिंह को मौके पर बुलाया। दोनों ने घायल कर्मचारियों को राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें मंडल रेल हॉस्पिटल ले जाया गया।
हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने संदीप कुमार को वाराणसी रेफर कर दिया। अलीनगर थानाध्यक्ष घनश्याम शुक्ला ने बताया कि घायल संदीप को ट्राॅमा सेंटर भर्ती कराया गया है। डंपर चालक वाहन लेकर भाग गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।