जनपद के पांच विकास खंडों में ब्लॉक प्रमुख पद का निर्वाचन रविवार को गहमागहमी के बीच हुआ।
पांच
ब्लाकों में से दो पर सपा को जीत मिली, जबकि शेष तीन सीटों पर निर्दल
प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूर्वाह्न
ग्यारह बजे मतदान शुरू हुआ, जो दोपहर तीन बजे तक चला। इसके बाद मतों
की गणना की गई। जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने शाम को कलेक्ट्रेट से
चुनाव परिणामों की घोषणा की गई और सभी नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत
प्रमुखों को प्रमाणपत्र दिया।
जिले के नौगढ़, शहाबगंज, चकिया,
नियामताबाद और सकलडीहा ब्लाकों में पूर्वाह्न ग्यारह बजे से मतदान शुरू
हुआ। शाम को जारी हुए चुनाव परिणामों में नौगढ़ से निर्दल जवाहिर ने 31
मत पाकर चुनाव में जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी सपा समर्थित
जयप्रकाश को एक भी मत प्राप्त नहीं हुआ।
चकिया में निर्दल प्रत्याशी
शिवेंद्र 49 मत पाकर जीते, जबकि सपा के संतशरण को 39 मतों से संतोष करना
पड़ा। शहाबगंज ब्लॉक में निर्दलीय सरोज 45 मत पाकर विजेता रहे। दूसरे
नंबर की प्रत्याशी सपा की शशि उपाध्याय को मात्र 27 मत पड़े। सकलडीहा
में सपा समर्थित संजीव सिंह 81 मत पाकर विजयी रहे, जबकि निर्दल नीलम को
49 मत प्राप्त हुए। नियामताबाद में सपा समर्थित महेंद्र कुमार पासवान ने
79 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की।
वहीं निर्दल प्रत्याशी उमाशंकर को 60
मत ही प्राप्त हुए। जनपद के चार ब्लाकों में प्रमुख पद पर एक-एक
प्रत्याशियों के नामांकन करने के कारण सभी चार सीटों पर प्रमुखों
का निर्विरोध निर्वाचन हो गया। इसमें बरहनी से रामानंद यादव, सदर से
भगवानदासी, धानापुर से आशा यादव और चहनियां से शीला सोनकर (सभी सपा) शामिल
हैं।
सभी नौ क्षेत्र पंचायत प्रमुखों को प्रेक्षक आरपी सिंह, जिलाधिकारी
सुरेंद्र विक्रम और एसपी अमित वर्मा ने प्रमाण पत्र वितरित किया।