सैयदराजा। स्थानीय पुलिस ने नकली पिस्टल दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से लूट की सोने की चेन बेचकर मिले 62,700 रुपये, घटना में प्रयुक्त बाइक, नकली पिस्टल और मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सदर सर्किल ऑफिसर देवेंद्र कुमार ने बताया कि सैयदराजा थाना के जेवरियाबाद निवासी रामनेती सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 13 जुलाई की भोर करीब तीन बजे वह अपने चचेरे भाई गुप्तेश्वर सिंह के साथ सैयदराजा-जमानिया एनएच-24 के किनारे बेचन बाबा मंदिर के पास अपनी कार में सो रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पहुंचे और कार का शीशा खटखटाया। शीशा नीचे करने पर दोनों ने असलहा सटाकर उन्हें डराया और असलहे की बट से हमला कर गले में पहनी सोने की चेन छीन ली। विरोध करने पर चचेरे भाई के साथ भी मारपीट की और हवा में फायर करते हुए भाग गए।
थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार को चंदौली कस्बे के पावर हाउस के पास से आरोपी करन सिंह उर्फ बीरू और अमन सिंह उर्फ शेरू निवासी भुवालपुर जेवरियाबाद, थाना सैयदराजा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक बाइक, तेज आवाज करने वाली नकली पिस्टल, लूटी गई चेन बेचकर मिले 62 हजार 700 रुपये और एक टच स्क्रीन मोबाइल बरामद किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार करन सिंह के खिलाफ वाराणसी और चंदौली के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं, जबकि अमन सिंह के खिलाफ भी लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।