मोहनिया। भभुआ के करमचट थाना अंतर्गत बनौली गांव में बुधवार की शाम खेलते समय दो मासूम की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। इस घटना से गांव में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव निवासी संदीप प्रजापति एवं अजीत प्रजापति सगे भाई है। दोनों के पुत्र शिवम (दो वर्ष) और उज्ज्वल (ढाई वर्ष) बुधवार को घर के बाहर खेल रहे थे। घर के समीप में ही पोखरा है। खेलते खेलते दोनों कब तालाब में उतर गए और डूब गए पता नहीं चला। काफी देर तक दोनों का पता न चलने पर परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की। कुछ देर बाद दोनों मासूमों के शव उतराया देख गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की सहायता से बच्चों के शव को पोखरे से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर करमचट थाने की पुलिस वहां पहुंच गई। दोनों बच्चों को के शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत हो जाने से बच्चों के माता-पिता का हाल बेहाल हो गया।
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना अंतर्गत पटपरा गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर तीस वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में खलबली मच गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान नही हो सकी। बुधवार की सुबह कुछ लोग रेलवे ट्रैककी ओर गए तो डाउन लाइन पर 30 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। युवक का सिर एक तरफ और धड़ दूसरी तरफ था। इससे लग रहा था कि उसने आत्महत्या की है। शव मिलने की खबर पाकर इलाके के लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान कराने की कोशिश की लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। संवाद