पीडीडीयू नगर। देश में कोरोना की दूसरी लहर के प्रकोप से हर कोई बेजार नजर आ रहा है। स्थिति यह है कि मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, सिकंदराबाद, अहमदाबाद, सूरत सहित विभिन्न औद्योगिक शहरों से प्रवासी श्रमिक तेजी से वापस लौट रहे हैं। दूसरी तरफ कोरोना के भय की वजह से दो तीन माह से पहले मुंबई, दिल्ली सहित अन्य शहरों में जाने के लिए रिजर्वेशन कराए लोग टिकट वापस कर रहे हैं। स्थिति यह है कि सिर्फ पीडीडीयू नगर से प्रतिदिन ऑनलाइन और आफलाइन दो सौ से अधिक टिकट वापस किए जा रहे हैं। इस वर्ष मार्च के दूसरे सप्ताह से तेजी से कोरोना का प्रसार फिर से बढ़ने लगा। सबसे अधिक संक्रमित महाराष्ट्र में मिल रहे हैं। वहीं दिल्ली, मध्य प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडू, केरल सहित अन्य प्रदेशों में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे, नागपुर सहित अन्य जिलों में लॉकडाउन लगा दिया गया है। यही हाल देश के अन्य इलाकों में भी है। ऐसे में वहां से श्रमिक तेजी से वापस लौट रहे हैं। स्थिति यह है कि रेलवे को महाराष्ट्र से पूर्वांचल सहित बिहार के लिए 28 अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों को चलाना पड़ा है। डाउन की ओर आने वाली ट्रेनों में सीट मिलना मुश्किल नजर आ रहा है। दूसरी तरफ कोरोना के डर से दिल्ली, मुंबई सहित अन्य औद्योगिक शहरों में जाने वाले वाले लोग यात्रा कैंसिल कर रहे हैं। इससे लगातार ट्रेनों के रिजर्व टिकट कैंसिल हो रहे हैं। पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन की बात करें तो यहां से प्रतिदिन दो सौ से अधिक टिकट रिफंड हो रहे हैं। इसमें सौ से अधिक टिकट बुकिंग काउंटर से वापस किए जा रहे हैं। बचे यात्री ऑनलाइन टिकट कैंसिल करा रहे हैं।