चंदौली जिले के बबुरी थाना के कम्हरिया गांव के समीप हेलमेट लगाए बाइक सवार बदमाशों ने बोलेरो सवार एक युवक को तमंचा सटाकर ढाई लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद युवक को मारपीट कर बदमाश भाग निकले। परिवार वालों ने युवक को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया है। पुलिस पीड़ित से पूछताछ करने के बाद बैंक में लगे सीसी कैमरे के सहारे बदमाशों को ढूंढने में जुटी है।
बबुरी थाना क्षेत्र के मछरिया हसनपुर गांव निवासी राकेश बिंद पांडेयपुर स्थित बैंक ऑफ इंडिया से ढाई लाख रुपये निकालने के बाद अपनी बोलेरो से मौसा कल्लु बिंद को रुपये देने के लिए मनोहरपुर जा रहा था। इस बीच उसे याद आया कि मोबाइल घर भूल गया है। वह घर जाकर मोबाइल लेने के बाद मनोहरपुर जाने लगा।
कम्हरिया गांव के समीप वह पहुंचा था तभी हेलमेट लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसकी गाड़ी ओवरटेक कर रोक ली। इसके बाद राकेश को गाड़ी से जबरन नीचे उतारकर उससे रुपये छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने राकेश को तमंचा सटा कट ढाई लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश उसे मारपीट कर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने इसकी सूचना फोन से अपने परिवार वालों को दी। मौके पर पहुंचे परिवार वालों ने राकेश केे उपचार के लिए निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक से पूछताछ के बाद बदमाशों को ढूंढने में लग गई है। सीओ प्रीति त्रिपाठी ने कहा कि घटना की सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के सहारे बदमाशों को शीघ्र ही पकड़ लिया जाएगा।