पुलिस ने गत एक जनवरी को मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में मैनाताली निवासी
कारोबारी पीयूष भारूका के अपहरण में शामिल दो बदमाश तंजीम व कमर रजा को
सोमवार की देर शाम मानस नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। चंदौली
क्राइम
ब्रांच, मुगलसराय कोतवाली व वाराणसी की एसटीएफ की टीम ने घेरेबंदी कर
अपहरणकर्ताओं को पकड़ लिया। आरोपी देश के कई राज्यों में अपहरण की घटना को
अंजाम दे चुके हैं। तलाशी में पुलिस ने दो तमंचा, चार कारतूस, एक मोबाइल,
एक लाख रुपये भी नकद बरामद किया।
मुगलसराय थाना क्षेत्र के मैनाताली
निवासी कारोबारी पीयूष भारूका का गत एक जनवरी को अपहरण कर लिया गया था।
बदमाशों ने उसके परिवार वालों से 50 लाख रुपये फिरौती की रकम मांगी थी,
लेकिन इस दरम्यान किसी प्रकार पीयूष अपने घर पहुंच गया।
इस बीच जांच पड़ताल
में जुटी पुलिस टीम को सोमवार की शाम अपहर्ताओं के मानस नगर स्थित तालाब
के पास होने की सूचना मिली। जिस पर घेरेबंदी कर आरोपी तंजीम और कमर रजा को
पुलिस ने पकड़ा। दोनों बदमाशों ने बताया कि अब तक अपहरण की कई घटनाओं को
अंजाम दे चुके हैं। पीयूष अपहरण कांड में 14 लोगों के शामिल होने की बात भी
बदमाशों ने पुलिस को बताई।
उक्त अपहरण में उनको 60-60 हजार रुपये मिले थे।
पुलिस लाइन कार्यालय में इस गिरफ्तारी का खुलासा एएसपी जियालाल यादव
ने किया। एएसपी ने बताया कि दोनों बदमाश बड़े गिरोह के सदस्य हैं।
उन्होंने
गोवा, बिहार, यूपी सहित कई स्थानों पर अपहरण की घटनाओं को अंजाम दिया है।
टीम को पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र व एएसपी द्वारा पुरस्कृत
किया जाएगा।
आरोपी तंजीम मुुगलसराय के नई बस्ती और कमर रजा बिहार के
समस्तीपुर खेसरहा का निवासी है। अन्य आरोपी की अभी तलाश जारी है।