पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के मुगलचक में हनुमान मंदिर के पास शनिवार को तेज धमाका हुआ। धमाके से मुहल्ले के सोनू निगम के घर का दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। बम विस्फोट की सूचना से इलाकेे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जांच कर बताया कि किसी ने दहशत फैलाने के लिए सुतली बम फोड़ा है। अलीनगर थाना के मुगलचक में शनिवार की भोर में तीन बजे सोनू निगम के दरवाजे के पास तेज धमाका हुआ, जिससे लोगों की नींद खुल गई। लोग घरों से निकलकर गली में पहुंचे तो सोनू का दरवाजा क्षतिग्रस्त था। पास में कील और छर्रे बिखरे हुए थे। बम विस्फोट की सूचना पर अलीनगर थानाध्यक्ष शेषधर पांडेय और सीओ अनिरुद्ध सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर दहशत फैलाने के लिए किसी ने सुतली बम फोड़ा है। मामले की जांच की जा रही है।