मोहनिया। बेलांव थाना क्षेत्र के सोनारा गांव में प्रेम प्रसंग के विवाद में शुक्रवार को युवती के परिजनों ने काली माता मंदिर में युवक की बलि चढ़ा दी। खून से लथपथ को मंदिर से बरामद कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, युवक के परिजनों ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बेलांव थाना क्षेत्र के सोनरा गांव निवासी पंकज गांव का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर दोनों के परिवार में कई बार तकरार हो हुई थी। बीते दिसंबर में प्रेमी-प्रेमिका घर से भाग गए थे। मामले में लड़की के परिवार वालों ने युवक के खिलाफ अपहरण का मामल दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने पकंज को गिरफ्तार कर लिया था। 25 मई को पंकज जमानत पर जेल से छूटकर बाहर आया था। परिवार वालों ने बताया कि शुक्रवार की शाम को पंकज सामान खरीदने बेलांव बाजार गया था लेकिन वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने बताया कि शनिवार को सुबह बेलांव बाजार स्थित काली मंदिर में पकंज का शव खून से लथपथ मिला। आरोप लगाया कि मंदिर में उसकी बलि चढ़ाई गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीएसपी शिव शंकर कुमार ने बताया कि मृतक के पिता सूचित राम की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।