स्थानीय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बैंक ऑफ़ इंडिया की शाखा से गुरुवार को
दोपहर बारह बजे रुपये निकालने पहुंची वृद्धा के झोले से दो युवतियों ने
करीब बीस हजार रुपये उड़ा दिए।
शोर मचाने पर पहुंची पुलिस ने सीसी
टीवी फुटेज को खंगाला और पीड़िता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
किया है। बैँक में सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में उचक्कागिरी की घटना से
लोगों में गुस्सा है।
एसपी अमित वर्मा के निर्देश पर संबंधित थाना
प्रभारियों द्वारा लगातार बैंक शाखाओं के पास जांच अभियान भी चलाया जा रहा
है, लेकिन इसका नहीं दिख रहा है। हिनौली गांव निवासिनी इंद्रा देवी के पति
जो कि रेलवे में ड्राईवर थे, उनकी मृत्यु लगभग पंद्रह वर्ष पहले हो चुकी
है।
महिला के पेंशन की राशि बैंक ऑफ़ इंडिया की स्थानीय शाखा में आती है।
गुरुवार को इंद्रा देवी अपने खाते से रुपये निकालने के लिए बैंक में आयी
थी। उसने बीस हजार रुपये निकाले और उससे गिनने लगी। नोट गिनने के दौरान
उन्हें नोटों की गड्डी में सौ के तीन नोट ख़राब मिले।
इस पर इंद्रा ने
खराब नोटों को निकाल कर बाकी रकम को झोले में लिया और कैश काउंटर पर नोट
बदलने लगीं। इसी दौरान झोले से नोटों की गड्डी गायब कर दी गई। काउंटर से
नोट बदल कर उसने झोले में देखा तो बाकी नोट गायब मिले। यह देख उसके होश उड़
गए।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि बैंक के सीसी
कैमरों की फुटेज जांची गयी है। इसमें दो युवतियों द्वारा घटना को अंजाम
दिए जाने की बात सामने आई है। मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही
है।