पीडीडीयू नगर। रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस ने शनिवार की शाम डाउन फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन के एक कोच से तस्करी कर ले जा रहे 20-20 किलो के तीन कछुए बरामद किए। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर कछुओं को वन विभाग के हवाले कर आगे की कार्रवाई शुरूकी है। तस्करों का पता नहीं चल सका।
आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत और जीआरपी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेनों में और रेलवे स्टेशनों पर अपराध पर रोक थाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार की शाम आरपीएफ, सीआईबी और जीआरपी कर्मी स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। शाम छह बजे प्लेटफार्म संख्या तीन पर डाउन फरक्का एक्सप्रेस पहुंची। यहां ट्रेन के कोच संख्या एस-फोर की जांच की गई तो एक सीट के नीचे दो पिट्ठू बैग लावारिश हाल में मिला। उसकी जांच की गई तो उसमें 20-20 किलो वजन के तीन जिंदा कछुए बरामद हुए। बरामद कछुओं को वन विभाग के वन रक्षक सुभाष कुमार के हवाले कर दिया गया।