धानापुर इलाके में सिंचाई की दिक्कत नहीं होगी। थाना चौराहा के पास 40.09 लाख रुपये की लागत से नलकूप लगाया गया है। शुक्रवार की रात केंद्रीय मंत्री डॉ. महेन्द्रनाथ पांडेय ने इसका लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सिंचाई की समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां सभा की थी, वहीं नलकूप लगाया गया है। क्षेत्र में सिंचाई की समस्या है। किसानों की मांग पर यहां लगभग 40.09 लाख के लागत से नए नलकूप की स्थापना की गई है। इससे सैकड़ों एकड़ खेतों की सिंचाई की जाएगी। संसदीय क्षेत्र में अब तक 36 नलकूप स्वीकृत हो चुके हैं। सभी बड़ी ग्राम सभा और नगर पंचायत में सार्वजनिक शौचालय बनाए जा रहे हैं। उन्होंने शहीद स्मारक पर जाकर श्रद्धांजलि दी। अधीक्षण अभियंता नलकूप एके सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, राणा सिंह, सर्वेश कुशवाहा, डॉ. बृजेश सिंह, मीडिया प्रभारी हरवंश उपाध्याय, हरेन्द्र राय, हृदय नारायण तिवारी, प्रबंधक अवनीश पांडेय, रामजी कुशवाहा, लक्ष्मण प्रसाद, विपिन रस्तोगी, रमेश द्विवेदी, अवर अभियंता विद्युत विभाग घनश्याम प्रसाद आदि उपस्थित रहे। संचालन मृत्युंजय सिंह ने किया।
इनसेट-
कृषि महाविद्यालय की उठाई मांग
धानापुर। केंद्रीय मंत्री और चंदौली सांसद डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय से ग्रामीणों ने नलकूप लोकार्पण के दौरान शहीद हीरा सिंह राजकीय महाविद्यालय में एमएससी, बीकॉम, एम कॉम विषय की शिक्षा प्रदान करने के साथ क्षेत्र में कृषि महाविद्यालय के स्थापना की मांग की। ग्रामीण अनुज सिंह, अखलेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र में उच्च शिक्षा का अभाव है। छात्रों को आज भी उच्च शिक्षा के लिए वाराणसी जाना पड़ता है। कृषि प्रधान जनपद में कृषि महाविद्यालय की आवश्यकता है। संवाद
रिपोर्ट- अबुल सैफ
संपादन- कृष्ण मुरारी मिश्र