सकलडीहा। क्षेत्र के ईटवा गांव में कथित धर्मांतरण के मामले में गिरफ्तार छह आरोपियों से शुक्रवार को एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) और इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) की टीम ने पूछताछ की।
इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को ईटवा गांव के एक मकान में धर्म परिवर्तन कराने की सूचना पर छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान एलआईयू टीम भी मौजूद रही।
पूछताछ के बाद पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/5(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस के अनुसार, मौके से सात बाइबिल, करीब 50 अन्य धार्मिक पुस्तकें, लगभग 200 धार्मिक पंफ्लेट, एक होम थिएटर, दो माइक्रोफोन, एक कार और दो बाइक बरामद हुई थीं। शुक्रवार को एटीएस और आईबी की टीम ने गाजीपुर निवासी धीरज सिंह, ईटवा निवासी राजेश मौर्य और कमलेश कुमार, वाराणसी निवासी भगेलू राम और गुड्डू, सारनाथ निवासी दिनेश कुमार पटेल और चंदौली निवासी अजीत कुमार से पूछताछ की। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
वहीं, छापे के दौरान प्रार्थना सभा में मौजूद मिले पांच अन्य लोगों को एसडीएम न्यायालय से एक-एक लाख रुपये के निजी मुचलके पर पाबंद किया गया है।
थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि धर्मांतरण मामले में गिरफ्तार सभी छह आरोपियों से एटीएस और आईबी की टीम ने पूछताछ की है। इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की जांच की जा रही है।