सैयदराजा के नौबतपुर में स्टील पुल से लटकता ट्रक।
- फोटो : CHANDAULI
सैयदराजा। यूपी बिहार बॉर्डर पर शुक्रवार की सुबह कर्मनाशा नदी में स्टील पुल से एक ट्रक पलटने से बच गया। जिससे बड़ा हादसा टल गया। चालक और खलासी सुरक्षित बच गए है। इसकी जानकारी होते ही वाहनों के आवागमन को कुछ देर के लिए रोक दिया गया। दोपहर करीब 12 बजे क्रेन से पुलिस ने वाहन को वहां से हटवाया तब वाहनों का आवागमन शुरू हुआ।
बिहार से बालू लादकर एक ट्रक यूपी की ओर आ रहा था। ट्रक स्टील से नदी पार कर रहा था। इसी बीच चालक को झपकी आ गई और ट्रक पुल की रेलिंग की तरफ बढ़ने लगा। यह देखकर खलासी चिल्लाने लगा। तब चालक की झपकी टूटी और ट्रक को नियंत्रित कर रफ्तार धीमी कर दी। तब तक ट्रक रेलिंग से टकरा गया। ट्रक नदी की तरफ झुक गया। यह देख चालक और खलासी कूदकर दूर खड़े हो गए। ट्रक नदी में पलटने से बच गया। दोपहर 12 बजे पुलिस ने उसे पुल से हटवाया। इसके बाद पुल पर आवागमन सामान्य हुआ। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।