पड़ाव। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पड़ाव चौराहे पर बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक के पहिए के नीचे आने से स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा के बाद चौराहे पर अफरातफरी मच गई। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। वहीं, महिला को वाराणसी के ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
अलीनगर थाना क्षेत्र के लढ़आपर गांव निवासी रंजना त्यागी दोपहर बाद करीब 3 बजे स्कूटी से कहीं जा रही थी। पड़ाव चौराहे पर नो इंट्री खुलने के बाद ट्रकों का आवागमन होने लगा था। इसी दौरान वह ट्रक के पहिए के नीचे आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। चौराहे पर कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पड़ाव चौराहे पर यातायात का भारी दबाव रहता है। हादसे के बाद एक बार फिर चौराहे पर यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप ने बताया कि ट्रक चालक को पकड़ लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।