बारिश के चलते पिछले तीन दिनों से सैयदराजा-जमानियां मार्ग पर जाम में फसे
ट्रक चालकों का धैर्य गुरुवार की सुबह जवाब दे गया और वे शासन-प्रशासन के
खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर ही प्रदर्शन करने लगे।
ट्रक चालकों ने चेताया कि यदि उनके जाम से निकलने की व्यवस्था नहीं बनाई गई तो वे भूख हड़ताल करने के लिए विवश होंगे।
सोमवार
की दोपहर से रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते निर्माणाधीन
सैयदराजा-जमानियां मार्ग पर कीचड़ एव फिसलन का साम्राज्य कायम हो गया है।
जिससे मार्ग पर गमनागमन पूर्ण रूप से ठप है।
ट्रक चालकों को भोजन एवं
पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि सैयदराजा-जमानियां
राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिछले 26 माह से कार्यदायी संस्था गंगासागर द्वारा
28 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मार्ग पर कहीं
मिट्टी, कहीं गिट्टी तो कहीं पुलिया निर्माण के लिए गड्ढ़े खोदकर छोड़ दिए
गए हैं।
26 जनवरी की दोपहर से रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते मार्ग
पर कीचड़ एवं फिसलन की स्थिति कायम हो गई है। जिसके चलते मार्ग पर पैदल
चलना भी दूभर हो गया है। इससे परेशान चालकों का धैर्य गुरुवार की सुबह टूट
गया और वे शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध-प्रदर्शन करने
लगे।
इस दौरान रामराज यादव, राधेश्याम, पत्तू बिंद, जुगूल, महेंद्र यादव,
राधेश्याम बिंद, रामवृक्ष, कलाम, सुरेंद्र यादव, रमेश एवं करीमन आदि मौजूद
रहे।