चंदौली सदर कोतवाली के जगदीश सराय में एनएच-दो पर धू धू कर जलता ट्रक।
- फोटो : CHANDAULI
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के जगदीश सराय गांव के समीप हाईवे पर शनिवार की दोपहर एक ट्रक में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इसमें पहियों के साथ ट्रक का पिछला हिस्सा धू-धूकर जलने लगा। आग का गोला बनी ट्रक के चालक और परिचालक ने कूदकर किसी तरह जान बचाई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस और फायरब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू किया। ट्रक बिहार के मुजफ्फरनगर से मैदा भरने के लिए रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में जा रहा था। महाराष्ट्र निवासी चालक सैयद सरवत (45) बिहार के मुजफ्फरनगर से खाली ट्रक लेकर रामनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित फ्लोर मील में मैदा भरने के लिए जा रहा था। हाईवे पर जगदीशराय गांव के समीप पहुंचने पर ट्रक के वायरिंग के तारों में शार्ट सर्किट होने से पिछले हिस्से में आग लग गई। इससे पीछे के टायर समेत डाला का हिस्सा धू-धूकर जलने लगा। देखते ही देखते ट्रक आग का गोला बन गई। आग ने ट्रक के आधे से अधिक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग देख चालक और परिचालक ट्रक से कूदकर भाग खड़े हुए। वहीं ट्रक सड़क पर जलता रहा। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। आनन-फानन में पुलिस और फायरब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। महज 24 घंटे के अंदर ट्रक में आग लगने की दूसरी घटना से सनसनी रही। शुक्रवार को चंदौली-मझवार स्टेशन के सामने हाईवे पर टैंकर में आग लग गई थी। इस दुर्घटना में टैंकर में फंसे चालक की जिंदा जलने से मौत हो गई थी।