पीडीडीयू नगर। कोरोना से जिंदगी की जंग लड़ रहे तीन जिलों के मरीजों के ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए चंदौली के छह ऑक्सीजन प्लांट दिन-रात जुटे हैं। खास बात यह है कि अपने निर्धारित क्षमता और चिह्नित अस्पतालों के अलावा यह प्लांट रोजाना सैकड़ों आम लोगों को भी ऑक्सीजन उपलब्ध करा रहे हैं। रोजाना पांच हजार से ज्यादा ऑक्सीजन सिलिंडर की आपूर्ति इनकी ओर से की जा रही है। कई प्लांट के कर्मचारी साप्ताहिक अवकाश भी नहीं ले रहे हैं। और आराम न करते हुए लोगों की जिंदगी बचाने के लिए जूझ रहे हैं। जनपद में इस वक्त छह ऑक्सीजन प्लांट सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। जहां से चंदौली समेत गाजीपुर, बनारस और जौनपुर के कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा ही है। इसमें सरकारी और गैर सरकारी दोनों ही अस्पताल शामिल है। इसके अलावा जरूरतमंद भी आवश्यक प्रकिया पूरी कर आक्सीजन सिलिंडर भरवा रहे है। जिले में रामनगर इंडस्ट्रीयल एरिया फेज वन स्थित शाश्वत गैसेज से 1060 सिलिंडर, चंदासी स्थित इंडियन एयर गैसेज से 960 सिलिंडर, विद्या गैसे से 434 सिलिंडर, रामनगर फेज वन स्थित मिडिटेक गैस से 955 सिलिंडर, सिंधीताल स्थित अन्नपूर्णा इंडस्ट्रीयल स्टेट गैस 1070 सिलिंडर, अन्नपूर्णा गैसेज से 455 सिलिंडर हर दिन रीफिल किये जा रहे है। इसके अलावा इंडियन एयर गैसेज से चार सौ से पांच सिलिंडर एंबुलेंस समेत जरूरतमंदों को रीफिल करके दिये जा रहे है।