चंदौली। नगर पंचायत का मुख्य नाला कूड़ा, करकट से पट गया है। बावजूद इसके नाले की सफाई नहीं कराई जा रही है। यदि बारिश के पहले नाले की सफाई नहीं हुई तो ग्रामीण अंचलों से जल निकासी बंद हो जाएगी। वहीं नगर पंचायत का दक्षिणी छोर पूरी तरह से जलमग्न हो जाएगा।
नगर पंचायत के प्रमुख बाजार से निकला मुख्य नाला इन दिनों कूड़ा करकट से पटता जा रहा है। यही नहीं इस पर कई लोगों का अतिक्रमण भी है। जिसके कारण इसकी साफ-सफाई नहीं हो पाती है। अगर बारिश से पहले इसकी सफाई नहीं की गई तो वार्ड नंबर एक अंबेडकरनगर से लेकर वार्ड नंबर 12 लोहिया नगर, वार्ड नंबर 15 सहित कई वार्ड के लोग जल भराव की समस्या झेलेंगे। मुख्य नाले से नगर ही नहीं ग्रामीण अंचलों के नेगुरा, जसूरी सहित कई गांव के बारिश के पानी की निकासी होती है। नाले से पानी निकासी न होने से ग्रामीण क्षेत्रों में भी जल भराव की स्थिति हो जाएगी। नवनिर्वाचित नगर पंचायत के अध्यक्ष व सभासदों से लोगों की उम्मीद है कि समय से पहले उक्त नाले की सफाई हो जाएगी, ताकि जलभराव की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी।