लॉकडाउन के बीच श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के अलावा यात्री ट्रेनों का संचालन मंगलवार से शुरू हो रहा है। पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल में भी इसकी तैयारियां पूरी हो चुुकी है। पहले चरण में चलने वाली 15 जोड़ी ट्रेनों में पांच जोड़ी ट्रेनों का ठहराव पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर होगा। ट्रेनों में सवार होने के लिए यात्रियों को डेढ़ घंटे पहले स्टेशन पर पहुंचना होगा।
मोबाइल में आरोग्य सेतु एप लोड होना चाहिए, तभी यात्री को प्लेटफार्म पर जाने की इजाजत मिलेगी। कोविड-19 की वजह से राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के कारण 25 मार्च से सभी यात्री ट्रेन सेवाएं बंद हैं। हालांकि आवश्यक सामान की आपूर्ति के लिए मालगाड़ियों और पार्सल स्पेशल ट्रेनों का संचालन जारी है। एक मई से स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से श्रमिकों को उनके जिले तक पहुंचाया जा रहा है।
अब रेलवे ने 12 मई से चुनिंदा ट्रेेनों को चलाने का निर्णय लिया है। 12 मई को नई दिल्ली से डिब्रूगढ़, अगरतला, हावड़ा, पटना, बिलासपुर, रांची, भुवनेश्वर, सिकंदराबाद, बंगलूरू, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, मडगांव, मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद और जम्मू-तवी के लिए ट्रेनें चलेंगी।
इसमें पांच जोड़ी ट्रेनों दिल्ली-हावड़ा, दिल्ली-पटना, दिल्ली-रांची, दिल्ली-भुवनेश्वर, दिल्ली-अगरतला स्पेशल का ठहराव पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर होगा। डीआरएम पंकज सक्सेना ने बताया कि मंडल के जिन स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव होगा, वहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों को स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के लिए डेढ़ घंटे पहले पहुंचना होगा।
कोरोना संक्रमण से जुड़े अन्य प्रोटोकॉल, मास्क का अनिवार्य रूप से उपयोग करना होगा। रेलवे के नियम के अनुसार स्टेशन पर सिर्फ आरक्षित टिकट वालों को प्रवेश दिया जाएगा। इन ट्रेनों में यात्रा करने वालों को कंबल, चादर और तौलिया आदि नहीं दिया जाएगा।
इन ट्रेनों में वातानुकूलित के लिए विशेष नियम होंगे, तापमान सामान्य दिनों के मुकाबले थोड़ा ज्यादा रखा जाएगा और डिब्बों के भीतर ज्यादा से ज्यादा ताजा हवा सुनिश्चित की जाएगी। टिकट बुकिंग आईआरसीटीसी के साइट पर ऑनलाइन होगी और सात दिन तक अग्रिम बुकिंग हो सकेगी।