पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर ट्रेन की तकनीकी खराबी को ठीक करते समय ट्रेन चलने के मामले की जांच शुरू हो गई है। सोमवार को ट्रेन के नीचे फंसे कर्मचारियों का बयान लिया जाएगा।
बृहस्पतिवार की रात स्थानीय रेलवे स्टेशन पर हल्दिया-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन के एस 5 कोच के एक्सल के नट को ठीक करने के लिए दो कर्मचारी कोच के नीचे थे, इसी बीच ट्रेन चल दी। किसी तरह कर्मचारियों की जान बची। इस लापरवाही पर मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने जांच के दौरान गार्ड, ड्राइवर व स्टेशन मास्टर का बयान दर्ज करने का निर्देश दिया है। उधर कैरेज एंड वैगन और आपरेटिंग विभाग में समन्वय के अभाव की भी कमी सामने आई है। सोमवार को कर्मचारियों के साथ कैरेज एंड वैगन के अधिकारियों के साथ ट्रेन के चालक और गार्ड का भी बयान दर्ज किया जाएगा। इसके बाद ही दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बयान दर्ज होने को लेकर रेलकर्मियों में खलबली है।