नगर में आए दिन जाम और सड़क की पटरियों पर हुए अतिक्रमण की लगातार मिल रही
शिकायतों को देखते हुए कोतवाल आनंद सिंह ने मंगलवार की सुबह फोर्स के साथ
बाजार में जबरदस्त अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान से बाजार
में खलबली मच गई। इस दौरान अतिक्रमण हटाने में भेदभाव बरतने पर व्यापारियों
ने कोतवाल का आधे घंटे तक घेराव भी किया। बाद में कोतवाल के समझाने बुझाने
पर मामला शांत हुआ।
बाजार में जाम की शिकायत को देखते हुए मंगलवार की
सुबह कोतवाल आनंद सिंह कोतवाली के पुलिस बल के साथ गांधी पार्क तिराहे पर
पहुंचे और पटरी व्यवसायियों, ठेला, खोमचा वालों को खदेड़ना शुरू कर दिया।
इससे वहां पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। तकरीबन 4 घंटे के अभियान के दौरान
कोतवाल ने सहदुल्लापुर से मुहम्मदाबाद पुल तक तथा संयुक्त चिकित्सालय से
राजा के किला तक का अतिक्रमण हटवा दिया।
लेकिन चकिया नगर में जाम के प्रमुख
कारण शमशेर ब्रिज पर अतिक्रमण किए सब्जी व्यवसायियों को अतिक्रमण नहीं
हटाया।
इससे व्यापारियो में रोष व्याप्त हो गया। व्यापार मंडल अध्यक्ष
अजय मद्धेशिया के नेतृत्व में व्यापारियों ने कोतवाल का घेराव किया तथा
शमशेर ब्रिज का अतिक्रमण हटाने के बाद ही अन्य व्यवसायियों के अतिक्रमण
हटाने की मांग की। कहा कि कोतवाल द्वारा इस तरह का भेदभाव कतई बर्दास्त
नहीं किया जा सकता है। इस पर कोतवाल ने व्यापारियों से बात करने के बाद ही
अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया। साथ ही किसी तरह के भेदभाव को न करने का
आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ।