पीडीडीयू नगर। जिले में लंबे इंतजार के बाद सब्जियों के दाम में राहत देखने को मिली है। इस सीजन में पहली बार टमाटर के भाव 30 रुपये प्रति किलो से नीचे आए हैं। वहीं हरे मटर की कीमत भी घटकर 20 रुपये प्रति किलो हो गई है। बीते कई दिनों से टमाटर 50 रुपये और मटर 40 से 50 रुपये प्रति किलो बिक रहे थे, जिससे आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया था।
सब्जी कारोबारी संतोष ने बताया कि सीजन के अंतिम दिनों में मोंथा तूफान और बारिश के कारण टमाटर व मटर की फसल को भारी नुकसान हुआ था। इसके चलते बाजार में आवक कम रही और दाम लगातार ऊंचे बने रहे। नवंबर और दिसंबर माह के साथ ही 15 जनवरी तक टमाटर 50 रुपये किलो से नीचे नहीं आ सका, जबकि हरा मटर भी महंगे दामों पर ही बिकता रहा। अब मौसम में सुधार होने और नई फसल की आवक बढ़ने से सब्जियों के दाम में गिरावट दर्ज की गई है। बीते दो दिनों में ही टमाटर और मटर के भाव में करीब 20 रुपये प्रति किलो की कमी आई है। बाजारों में लाल टमाटर 30 रुपये और हरा मटर 20 रुपये किलो बिक रहा है। व्यापारियों का कहना है कि यदि आवक इसी तरह बनी रही तो आने वाले दिनों में सब्जियों के दाम और स्थिर रह सकते हैं।