जिलाधिकारी कुमार प्रशांत ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए मतदाताओं को जागरूक करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इसमें सरकारी और निजी विद्यालयों के छात्र/छात्राएं, लेखपाल, एनसीसी छात्र, बीएलओ, प्रवक्ता, शामिल रहे। इनके द्वारा मतदाताओं को नाट्य, गीत, निबन्ध, रंगोली इत्यादि के माध्यम से जागरूक किया गया था। इस अवसर पर जिलाधिकारी कुमार प्रशांत ने कहा कि अच्छे लोकतंत्र की स्थापना केे लिए जरूरी है कि सच्चे जनप्रतिनिधि चुने जाएं। इसके लिए सभी मतदाताओं को अपने मताधिकार के लिए जागरूक करना होगा। कहा कि प्रशासन द्वारा लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। अच्छी बात यह है कि इस कार्य में सभी वर्गों का सहयोग प्राप्त हो रहा है। उपस्थित लोगों से कहा कि आप लोग अपने आस-पास के मतदाताओं को वोट देने के प्रति जागरूक करें। उन्होंने सभागार में उपस्थित लोगों से मतदान से सम्बन्धित चर्चा की और सुझाव भी प्राप्त किए। प्रशस्ति पत्र पाने वालों में रिना यादव, राकेश कुमार सोनकर, अंचल मौर्या, सोनी तिवारी, शमा परवीन, चन्दन यादव, विजय लक्ष्मी, चन्द्रभूषण सिंह, चंचल प्रजापति, विनीत कुमार आदि शामिल रहे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी राजेन्द्र सिंह, सहित विद्यालय की अध्यापिकाएं उपस्थित थीं।