मोहनिया। कैमूर जिले के करमचट थाना अंतर्गत बिच्छीबांध गांव में रविवार को पारिवारिक कलह से ऊबकर एक मां अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूद गई। इस दौरान ग्रामीणों ने किसी प्रकार एक बच्ची को बचा लिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जाल फेंक कर एक बच्ची के शव को कुएं से बाहर निकाला लिया। जबकि मां और बेटे के तलाश जारी रही।
कैमूर जिले के करमचट थाना बिच्छीबांध गांव निवासी राजेश सिंह का उनकी पत्नी राधिका के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। रविवार को राधिका देवी खाना बनाकर अपने एक वर्षीय पुत्र अनीश कुमार, ढाई वर्षीय पुत्री सहिमा कुमारी और पांच वर्षीय पुत्री महिमा के साथ घर पर थी। वहीं उसकी सास खेतों में उपला पाथने गई हुई थी। पति राजेश कहीं रिश्तेदारी में गया हुआ था। किसी बात से क्षुब्ध होकर राधिका अपने तीनों बच्चों को साथ लेकर कुएं में कूद गई। इस दौरान महिमा कुएं की झाड़ियों में फंस गई। इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने कुएं से लड़की चीखने की आवाज सुनकर उसे बाहर निकाला। पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसकी मां, भाई व बहन कुएं में गिर गए हैं। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाल फेंककर किसी प्रकार कुएं से एक बच्ची को बाहर निकाल लिया। वहीं उसकी मां और बेटे की तलाश में जुटी रही।