चंदौली। पं. कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय में थायराइड जांच की सुविधा जल्द शुरू होगी। केमिकल के अभाव में पिछले दो सालों से मशीन अस्पताल में शो पीस बनकर रह गई थी। सीएमएस की मांग पर केमिकल मिल गया है। मशीन को दुरुस्त कराकर 15 दिनों के अंदर जांच शुरू करा दी जाएगी। पं. कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय के पैथोलॉजी में दो वर्ष पूर्व थायराइड मशीन जांच के लिए मंगाई थी,लेकिन इसका संचालन केमिकल के अभाव में नहीं हो पा रहा था। केमिकल के आने से मरीजों को जांच कराने में आसानी होगी। इसके संचालन के लिए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश ने पॉइंट आफ केयर टेस्टिंग संस्था को पत्र के माध्यम से जल्द पैथोलॉजी को शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने केमिकल जिला अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग को उपलब्ध करा दिया, जिससे थायराइड मशीन का संचालन जल्द से हो सके। इसके संचालन से थायराइड के मरीजों को काफी राहत मिलेगी।