चहनिया। बलुआ पुलिस ने बुधवार की देर शाम लोगों पर रौब जमाने के लिए असलहा लेकर घूम रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया। तीनों के पास से 2 तमंचा, एक पिस्टल, 04 कारतूस, दो खोखा और 03 मोबाइल बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार तीनों ने बिहार के युवक से असलहा खरीदे थे। तीनों का चालान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार ने बताया कि पुलिस अपराधियों की धड़ पकड़ के लिए अभियान चला रही है। इसी क्रम में बुधवार की शाम पता चला कि कुछ युवक असलहा लेकर क्षेत्र में घूम रहे हैं। इस पर सैदपुर गंगा नदी पुल पर तिरगांवा गांव के समीप तीन संदिग्ध युवक दिखे।
उन्हें रोक कर उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से 12 बोर के दो तमंचा, 02 कारतूस, 02 खोखा, एक देशी पिस्टल, 7.65 एमएम के दो कारतूस, तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। तीनों की पहचान देवत्यागी निवासी बलुआ, अनुराग उर्फ पुल्लु निवासी कैथी, बलुआ, सितलेश उर्फ लालू निवासी भगवानपुर थाना बलुआ के रूप में हुई। तीनों ने बताया कि हम लोगों को यह असलहा भुरानी (जो कानपुर दुर्गावती बिहार का रहने वाले है) ने दिया है। हम लोग शौक के लिए असलहा रखते हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों ने अपने साथी बुलबुल निवासी कैथी थाना बलुआ का भी नाम बताया है।