पीडीडीयू नगर। चंदौली कोतवाली क्षेत्र के सकलडीहा रोड पुल से कचहरी आ रहे एक यात्री को ऑटो में बैठाकर उसकी जेब से पांच हजार रुपये उड़ाने वाले ऑटो चालक समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की रकम और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट का ऑटो रिक्शा बरामद किया है। शुक्रवार को पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया। धीना थाना क्षेत्र के भैसाकला निवासी अनिल कुमार शुक्ल ने बृहस्पतिवार को चंदौली कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वह दोपहर करीब 12:30 बजे सकलडीहा रोड पुल की ओर से कचहरी जा रहे थे।
इसी दौरान एक ऑटो चालक ने कचहरी का रास्ता पूछते हुए उन्हें ऑटो में बैठा लिया। कचहरी गेट के सामने उतरने से पहले चालक और उसके साथियों ने उन्हें बातों में उलझाकर जेब से पांच हजार रुपये निकाल लिए और भागने का प्रयास किया। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने पीछा कर ऑटो चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। ऑटो चालक से पूछताछ के बाद उसके दोनों साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र के शिवपुर निवासी रितेश मौर्य, हाजीपुर निवासी बृजभान तथा कछवां थाना के जमुआ बाजार निवासी दीपक उर्फ किसमिस के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यात्रियों को ऑटो में बैठाने के बाद भीड़भाड़ वाले स्थान पर उन्हें बातचीत में उलझाकर जेब काट लेते थे। चंदौली कोतवाली प्रभारी बिंदेश्वरी पांडेय ने बताया कि यात्री के रुपये चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
उनके पास से चोरी के पांच हजार रुपये और बिना नंबर प्लेट का ऑटो रिक्शा बरामद किया गया है।