पड़ाव। नियामताबाद ब्लॉक के कटेसर गांव की तीन हजार की आबादी 15 दिनों से शुद्ध पेयजल के लिए तरस रही है। पंप की मोटर जलने के कारण पेयजल आपूर्ति ठप है। कुएं और हैंडपंप का आर्सेनिक युक्त पानी पीने के लिए लोग मजबूर हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं कराया गया।
कटेसर गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए के लिए लगाए गए पंप की मोटर दो हफ्ते पहले जल गई थी। तब से गांव में पानी की आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों की शिकायत पर पांच दिन पहले जल निगम के कर्मचारियों ने मोटर की मरम्मत की थी लेकिन कुछ देर बाद ही फिर से जलापूर्ति ठप हो गई। ऐसे में डाला छठ में भी लोगों को पेयजल की किल्लत से जूझना पड़ा। हैंडपंप और कुएं का आर्सेनिक युक्त पानी पीने के लिए लोग मजबूर हैं। अब्दुल सलाम, मुमताज, शाबिर, मोहम्मद रजा, लाल गिरधारी, मोहन साव, इंदू आदि ग्रामीणों ने कहा यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे।