पीडीडीयू नगर। बबुरी थाना क्षेत्र के टड़िया गांव के पास शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवक घायल हो गए। हादसे में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो अन्य को आंशिक चोटें आई हैं।
नकटी गांव निवासी लाल बहादुर का पुत्र सूरज बाइक से बनौली चट्टी गया था। काम निपटाकर वह घर लौट रहा था कि टड़िया गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सूरज सहित दूसरी बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बबुरी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय चंदौली भिजवाया। थानाध्यक्ष सूर्यप्रकाश मिश्र ने बताया कि सूरज की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य दो का इलाज जारी है।