कंदवा। एसडीएम सदर अजय कुमार मिश्रा ने मंगलवार को पीएचसी बरहनी का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन स्वास्थ्य कर्मी सोते मिले। इस पर एसडीएम नाराज हुए और कड़ी कार्रवाई की बात कही। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को इमरजेंसी ड्यूटी के दौरान अस्पताल पर मौजूद रहने का निर्देश दिया। बताया कि जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी।
सदर एसडीएम अजय कुमार मिश्रा मंगलवार की सुबह 10 बजे अचानक बहरनी पीएचसी पहुंच गए। एसडीएम के अचानक पहुंचने से स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया। जब वे अस्पताल पहुंचे तो वहां पेड़ के नीचे चबूतरे पर दो व दवा वितरण कक्ष के बाहर कुर्सी पर एक स्वास्थ्य कर्मी सोते हुए मिला। नाराज एसडीएम ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है। इसके बाद उन्होंने आईसीटीसी कक्ष, ओपीडी, लेबर रूम, दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से प्रसव का हाल, दवाइयों की उपलब्धता, अस्पताल पर आने वाले टीबी के मरीजों का हाल जाना। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को रात में इमरजेंसी ड्यूटी पर हर हाल में मौजूद रहने का निर्देश दिया। इस दौरान डॉ. गौरव नंदन, डॉ. एसपी त्यागी, सूर्यप्रकाश, तेज प्रताप भारती, रोशन अली रहे।