मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मवई कला गांव के दो सगे भाइयों सहित तीन की मंगलवार की सुबह गांव में ही गंगा में नहाते वक्त डूबने से मौत हो गई। जबकि ग्रामीणों की मदद से एक किशोर और एक बालक को बचा लिया गया। सूचना पर पहुंची मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए कमलापति त्रिपाठी राजकीय चिकित्सालय चंदौली भेज दिया।
गंगा दशहरा पर मवई कला निवासी विनोद मौर्य के दो पुत्र शुभम (15) और सूरज (13), धूपचंडी मौर्य का पुत्र गोविंद (18), टुनटुन का पुत्र अंगद (8) तथा प्रकाश मौर्य का पुत्र विशाल (9) सुबह सात बजे गंगा में नहाने गए थे। नहाते वक्त गहरे पानी में जाने के कारण सभी डूबने लगे। उन्हें डूबता देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने विशाल और अंगद को बचा लिया, जबकि शुभम और सूरज पानी में डूब गए। गोविंद को लोगों ने पानी से निकालकर निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि ग्रामीणों ने जाल लगाकर सुबह साढ़े नौ बजे तक शुभम और सूरज के शव भी पानी से निकाल लिए। इस दौरान घाट पर काफी भीड़ जमा हो गई थी।
घटना की जानकारी पाकर पूर्व सांसद रामकिशुन, पूर्व ब्लाक प्रमुख नियामताबाद बाबूलाल यादव समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंच गए और परिवारवालों को ढांढस बंधाते हुुए प्रदेश सरकार से आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिलाया।