शिकारगंज। स्थानीय क्षेत्र के बैरा गांव में डायरिया फैलने की शिकायत मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम शनिवार को गांव में पहुंची। टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ उनमें दवा का वितरण किया। पांच वर्षीय पवन, छह वर्षीय करण और चार वर्षीय पिंटू में डायरिया के लक्षण पाए जाने पर उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
विगत 23 अगस्त को जांच के दौरान डायरिया के लक्षण पाए जाने पर तीन मरीजों को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। इनमें आठ वर्षीय राहुल सहित गुंजा (45) व जंगली (16) शामिल थे। हालत में सुधार होने के बाद 25 अगस्त की शाम तीनों को डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके बाद डायरिया की शिकायत मिलने पर गांव में शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्राम वासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जिसमें तीन बच्चे डायरिया से पीड़ित मिले। टीम ने दवा का वितरण कर स्वच्छता अपनाने व गरम भोजन खाने की सलाह दी। चिकित्सकीय टीम में डाॅ. रविशंकर, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी एसपी सिंह, चीफ फार्मासिस्ट आनंद मिश्रा, जयराम प्रसाद, राघवेंद्र तिवारी, दिवाकर, विजय आदि रहे।